बी.डी. अग्रवाल वार्ड में जर्जर भवन हटाने हुई कार्रवाई, निगम प्रशासन ने सुरक्षा मानकों के साथ की कार्रवाई, भवन स्वामियों से स्वेच्छा से जर्जर भवन हटाने की अपील

बी.डी. अग्रवाल वार्ड में जर्जर भवन हटाने हुई कार्रवाई, निगम प्रशासन ने सुरक्षा मानकों के साथ की कार्रवाई, भवन स्वामियों से स्वेच्छा से जर्जर भवन हटाने की अपील

कटनी। नगर में जन सुरक्षा एवं संभावित दुर्घटना को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा नगर के जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नगर निगम की टीम द्वारा गुरुवार प्रातः बी.डी. अग्रवाल वार्ड स्थित एक जर्जर एवं मानव आवास हेतु अनुपयुक्त भवन के खतरनाक हिस्से को हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। विदित हो कि सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त द्वारा नगर के जर्जर भवनों की समीक्षा करते हुए जन सुरक्षा की दृष्टि से नगर के दुर्घटना संभावित जर्जर भवनों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए थे। उक्त निर्देशों के पालन में निगम प्रशासन द्वारा जर्जर भवनों पर नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। यह कार्यवाही नगर के अन्य जर्जर भवनों पर भी की जाएगी।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बी.डी. अग्रवाल वार्ड स्थित उक्त भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में था तथा भवन के नीचे व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने के कारण क्षेत्र में दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इस संबंध में निगम प्रशासन द्वारा संबंधित भवन स्वामी को पांच बार नोटिस जारी कर व्यावसायिक गतिविधियां बंद करते हुए जर्जर हिस्से को हटाने के निर्देश दिए गए थे। अंतिम नोटिस की निर्धारित समय-सीमा बीत जाने के बाद जनहित एवं सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा कटर मशीन एवं कर्मचारियों की सहायता से भवन के खतरनाक हिस्से को सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। गली संकरी होने के कारण यह कार्यवाही मैनुअल रूप से श्रमिकों द्वारा की जा रही है।
कार्यवाही के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जा रहा है तथा आसपास के क्षेत्र में आवश्यक सतर्कता एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े।
जागरूक भवन स्वामी ने दिखाई जिम्मेदारी, स्वेच्छा से हटा रहे जर्जर भवन
नगर निगम प्रशासन द्वारा जर्जर एवं खतरनाक भवनों के संबंध में नोटिस जारी कर की गई कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। जन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मदन मोहन चौबे वार्ड निवासी एक भवन स्वामी स्वयं आगे आकर अपने जर्जर भवनों को स्वेच्छा से हटाने की कार्रवाई कर प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। इस पहल से न केवल संभावित दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी, बल्कि नागरिकों के बीच सुरक्षा एवं जागरूकता का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित हो रहा है। नगर निगम प्रशासन ने ऐसे सभी भवन स्वामियों से अपील की है, जिनके भवन निगम द्वारा जर्जर एवं मानव आवास हेतु अनुपयुक्त चिन्हित किए गए हैं, कि वे वर्षा पूर्व नियमानुसार स्वेच्छा से जर्जर भवनों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सके। अन्यथा की स्थिति में निगम प्रशासन द्वारा ऐसे भवनों के रिमूवल की कार्यवाही की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post