तेज रफ्तार कार ने कॉलेज छात्राओं से भरे ई-रिक्शा को मारी टक्कर, पटवारी ने बुलेरो से पहुँचाया अस्पताल

​कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी चौकी अंतर्गत बिलहरी रोड पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शारदा फैक्ट्री के सामने एक तेज रफ्तार कार ने कॉलेज जा रही छात्राओं से भरे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में ई-रिक्शा चालक समेत कई छात्राएं घायल हो गईं, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पटवारी ने पेश की मानवता की मिसाल
​हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे बिलहरी में पदस्थ पटवारी सचिन श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाते हुए मानवता का परिचय दिया। उन्होंने तत्काल डायल 112 को सूचना दी और एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना अपनी निजी बुलेरो गाड़ी से सभी घायल छात्राओं को जिला अस्पताल पहुंचाया। उनकी इस सक्रियता के कारण घायलों को समय पर इलाज मिल सका।
हादसे का विवरण
​जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा में सवार होकर छात्राएं गर्ल्स कॉलेज जा रही थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्राएं सड़क पर गिरकर चोटिल हो गईं। घायलों में दिनेश यादव ऑटो चालक, निवासी पुरैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा ई-रिक्शा में सवार छात्रा माया चौधरी व मुस्कान पटेल निवासी झुकेही, कुमकुम रजक व खुशी विश्वकर्मा निवासी जोबीकला, सीमा यादव निवासी चन्हटा, साधना लोधी व अंजनी लोधी निवासी पिपरिया घायल हो गए।
कार चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
​दुर्घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। झिंझरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस फरार आरोपी तक कब पहुँचती है और यातायात विभाग ई-रिक्शा की सुरक्षा व सड़कों पर बढ़ती रफ्तार को लेकर क्या ठोस कदम उठाता है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *