सिल्वर टॉकीज रोड में गर्जी निगम की जेसीबी, हटाए गए स्थायी एवं अस्थायी कब्जे, मार्ग हुआ व्यवस्थित, सुगम आवागमन, स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन सख्त

सिल्वर टॉकीज रोड में गर्जी निगम की जेसीबी, हटाए गए स्थायी एवं अस्थायी कब्जे, मार्ग हुआ व्यवस्थित, सुगम आवागमन, स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर निगम प्रशासन सख्त

कटनी। नगर में सुगम यातायात व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं एवं आगामी वर्षा ऋतु के दौरान निर्बाध जल निकासी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा बुधवार को सिल्वर टॉकीज रोड स्थित व्यस्ततम खोवा मंडी क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। निगम प्रशासन की अतिक्रमण टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान सड़क एवं नालियों के ऊपर अनाधिकृत रूप से निर्मित दीवार, प्लेटफॉर्म, पट्टी, टीन शेड, तरपाल सहित अन्य स्थायी एवं अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। अभियान के अंतर्गत लगभग 9 दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाकर मार्ग को व्यवस्थित एवं आवागमन के लिए सुगम बनाया गया।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क और नालियों पर किए गए अतिक्रमण न केवल यातायात व्यवस्था को बाधित करते हैं, बल्कि वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी में अवरोध उत्पन्न कर जलभराव जैसी समस्याओं को भी बढ़ावा देते हैं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए निगम द्वारा ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जहां अतिक्रमण के कारण नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई से पूर्व क्षेत्रीय दुकानदारों को सार्वजनिक मार्ग एवं नालियों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाने हेतु चार दिन पूर्व सूचना प्रदान की गई थी। निर्धारित समयावधि के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम अमले द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की गई। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्ग, नालियों एवं शासकीय भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं जलभराव मुक्त बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। निगम प्रशासन द्वारा यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रखा जाएगा ताकि शहर में सुगम आवागमन, बेहतर स्वच्छता और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post