बहोरीबंद के पटोरी सायलो केंद्र पहुंचे पूर्व विधायक सौरभ सिंह, किसानों की समस्याओं पर जताई चिंता

कटनी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह मंगलवार को बहोरीबंद विकासखंड अंतर्गत पटोरी स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र सायलो पहुंचे, जहां उन्होंने खरीदी केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर किसानों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि वे दो-दो और तीन-तीन दिन से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक तुलाई नहीं हो सकी है। किसानों ने आरोप लगाया कि केंद्र में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं, जिससे भीषण गर्मी में उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने यह भी बताया कि केंद्र में पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। दिन में सीमित तुलाई होने के कारण कई किसानों को रातभर रुकना पड़ रहा है, जिससे अनाज चोरी होने की आशंका भी बनी रहती है। किसानों ने मांग रखी कि यदि रात में भी गेहूं की तुलाई शुरू की जाए तो काफी राहत मिल सकती है। इस पर पूर्व विधायक सौरभ सिंह ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करते हुए किसानों की भीड़, लंबी ट्रैक्टर-ट्रॉली कतारों और मौजूदा समस्याओं को देखते हुए रात्रिकालीन तुलाई व्यवस्था शुरू कराने की मांग की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल्द ही रात में भी गेहूं तुलाई प्रारंभ की जाएगी।
इसके बाद सौरभ सिंह ने सायलो केंद्र प्रबंधन से चर्चा कर किसानों को होने वाली समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री अजय गर्ग, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र सैनी, रंजीत सिंह, सायलो केंद्र प्रबंधक पुष्पेन्द्र पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *