कोर्ट मोहर्रिरों और चालानी मुंशियों की समीक्षा बैठक आयोजित, पुलिस कप्तान बोले- समस्याओं का मिलकर करेंगे समाधान
कटनी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम कॉन्फ्रेंस हॉल में शनिवार को जिले के कोर्ट मोहर्रिरों, समन-वारंट तामीली कार्य में लगे कर्मचारियों एवं थानों के चालानी मुंशियों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायालयीन कार्यों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने की। उन्होंने ई-समन एवं वारंट जारी करने में आ रही समस्याओं, अंडर ट्रायल मामलों के निराकरण, समन-वारंट की तामीली तथा गवाहों की न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने को लेकर कर्मचारियों से विस्तार से चर्चा की। पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों से व्यक्तिगत संवाद करते हुए कहा कि वे भयमुक्त होकर अपनी समस्याएं रखें, ताकि उनका समाधान सामूहिक रूप से किया जा सके। उन्होंने समन-वारंट तामीली में ग्रेडिंग के आंकड़ों पर चिंता व्यक्त करते हुए बेहतर कार्य करने और प्रदर्शन सुधारने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि जिन प्रकरणों में आरोपियों को सजा हो चुकी है, उनमें शत-प्रतिशत फिंगर प्रिंट लिए जाएं तथा समन-वारंट की तामीली भी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित की जाए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया सहित जिले के समस्त कोर्ट मोहर्रिर, समन-वारंट शाखा के कर्मचारी एवं चालानी मुंशी उपस्थित रहे।








