जबलपुर-अमृतसर सीधी ट्रेन सेवा की मांग तेज, रेल महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन
कटनी। जबलपुर से अमृतसर तक सीधी नियमित ट्रेन सेवा प्रारंभ किए जाने की मांग को लेकर गत दिवस कटनी पहुंचे जबलपुर जोन के रेल महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह को सिंधी काउंसिल ऑफ़ इंडिया के प्रतिनिधिमंडल द्वारा ज्ञापन सौंपा गया। यह मांग लंबे समय से विभिन्न आध्यात्मिक, शैक्षणिक, धार्मिक एवं व्यावसायिक संगठनों द्वारा उठाई जाती रही है।
सिंधी कौंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष गोविंद सचदेवा ने ट्रेन संचालन की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जबलपुर-अमृतसर सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से महाकौशल, विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यात्रियों को अमृतसर जाने के लिए कई बार ट्रेन बदलनी पड़ती है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है। प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक को बताया कि कटनी सहित आसपास के क्षेत्रों से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु राधा स्वामी सत्संग केंद्र व्यास जाते हैं, जो अमृतसर के निकट स्थित है। इसके अलावा अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर, जलियांवाला बाग तथा अटारी बॉर्डर देश-विदेश के पर्यटकों और श्रद्धालुओं के प्रमुख आकर्षण केंद्र हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अमृतसर शैक्षणिक भ्रमण के साथ-साथ व्यापारिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण शहर है, जहां ऊनी कपड़ों और कृषि उपकरणों का बड़ा बाजार है। ट्रेन सेवा शुरू होने से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा रेलवे को भी पर्याप्त राजस्व प्राप्त होगा। चर्चा के दौरान रेल महाप्रबंधक अजय कुमार सिंह ने ट्रेन की उपयोगिता पर गंभीरता से विचार करते हुए संचालन की परिस्थितियों के आधार पर सकारात्मक प्रयास करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने ट्रेन सेवा को शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की।








