रंगनाथनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो 918 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार

कटनी। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रंगनाथनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 918 ग्राम मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले को नशामुक्त बनाने एवं अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक कटनी के मार्गदर्शन में थाना रंगनाथनगर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक 7 मई 2026 को पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ओएफके स्टेडियम के सामने आम रोड पर एक युवक पिट्ठू बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रोहित कोल पिता स्व. अशोक कोल उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम पतरोई, पोस्ट पहरूआ, थाना सिहोरा जिला जबलपुर बताया।
पुलिस द्वारा बैग की तलाशी लेने पर उसमें 2 किलो 918 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद थाना रंगनाथनगर में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 202/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करते हुए जेल भेज दिया गया।।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक अरूणपाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक सतीष जाटव, प्रधान आरक्षक पवन पाठक, प्रधान आरक्षक असंत सिंह एवं आरक्षक वीरेन्द्र दहायत की सराहनीय भूमिका रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *