सुगम जल निकासी के लिए समय रहते करें आवश्यक प्रबंध, निगमायुक्त ने जलभराव के संभावित स्थानों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

कटनी। आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा जलभराव एवं जल निकासी संबंधी व्यवस्थाओं को समय पूर्व सुदृढ़ बनाने की दिशा में आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसी क्रम में निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा बुधवार देर शाम शहर के विभिन्न संभावित जलभराव क्षेत्रों एवं नालों का स्थल निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री असित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, उपयंत्री पवन श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी रही। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने बस स्टैंड, सूर्या होटल, पन्ना मोड़, सहित ट्रांसपोर्ट नगर के विभिन्न जलभराव वाले संभावित स्थलों को निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा काल के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि नगर में जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु प्रमुख नालों, नालियों एवं जल निकासी मार्गों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जहां कहीं अवरोध अथवा अतिक्रमण की स्थिति हो, वहां तत्काल कार्यवाही की जाए।
निगमायुक्त ने जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों की विशेष मॉनिटरिंग की जाए और आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त संसाधनों एवं मशीनरी की व्यवस्था भी पूर्व से सुनिश्चित रखी जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान त्वरित जल निकासी सुनिश्चित करना निगम प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभागीय अमला समन्वय के साथ कार्य करते हुए तैयारियों को समय रहते पूर्ण करें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *