मुस्कान के हाथों हुआ विकास का शुभारंभ, रामजानकी हनुमान वार्ड को मिली 33 लाख की सौगात

कटनी। रामजानकी हनुमान वार्ड में विकास और जनसहभागिता का सुंदर संगम देखने को मिला, जब वार्ड में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। विशेष बात यह रही कि विकास कार्यों की शुरुआत वार्ड की कन्या मुस्कान रजक के करकमलों से कराई गई, जिसने कार्यक्रम को भावनात्मक एवं सांस्कृतिक स्वरूप प्रदान किया। महापौर प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता तथा मेयर इन काउंसिल सदस्यों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से वार्डवासियों को लगभग 33.05 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। भूमिपूजन के अंतर्गत सड़क मस्जिद से रमाकांत तिवारी एवं श्री प्रीतम सिंह से सहारा टेंट हाउस तक सड़क एवं विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी तथा बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत मिलेगी। साथ ही स्वच्छता एवं आवागमन की सुविधाएं भी बेहतर होंगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि शहर स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बन सके। उन्होंने वार्डवासियों से भी स्वच्छता एवं विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
क्षेत्रीय पार्षद रागिनी मनोज गुप्ता ने कहा कि रामजानकी हनुमान वार्ड में लंबे समय से नागरिकों द्वारा सड़क एवं जल निकासी संबंधी समस्याओं को लेकर मांग की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के साथ नगर निगम द्वारा स्वीकृति दिलाई गई। उन्होंने कहा कि वार्ड के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, जय नारायण निषाद, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद डब्बू रजक, कमलेश चौधरी, चोखे भाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने भाग लेकर विकास कार्यों के प्रति उत्साह व्यक्त किया। उपस्थित नागरिकों में रामचंद्र शिवहरे, लालजी तिवारी, राहुल तिवारी, पवन माली, पीतम पाली, राकेश, उषा पटेल, आशा पाल, सुशीला ठाकुर, राजेश्वरी पटेल, सरिता पाली एवं अनीता रजक सहित अन्य लोग शामिल रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *