वर्षाकालीन तैयारियों एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने फील्ड में की मशक्कत, बरगी दायीं तट नहर परियोजना का लिया जायजा, जल आपूर्ति व्यवस्था को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने दिए निर्देश

वर्षाकालीन तैयारियों एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने फील्ड में की मशक्कत, बरगी दायीं तट नहर परियोजना का लिया जायजा, जल आपूर्ति व्यवस्था को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने दिए निर्देश

कटनी। वर्षा काल के दौरान नगर में जलभराव, जल निकासी एवं पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार द्वारा शनिवार को निगम अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थलों का व्यापक मैदानी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने वर्षा पूर्व तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नागरिक सुविधाओं से संबंधित सभी आवश्यक कार्य समय -सीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, अंशुमान सिंह, सहायक यंत्री सुनील सिंह अनिल जायसवाल,  उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव, संजय मिश्रा, जे.पी.सिंह बघेल, शैलेन्द्र प्यासी , अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
युद्ध स्तर पर पूर्ण कराएं शेष नाले नालियों की सफाई
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त द्वारा शहर के विभिन्न बड़े नालों बिलहरी रोड स्थित नालें, कार्यालय कलेक्ट्रेट एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने से निकलकर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सामने मिलने वाले नाले से बरगवां स्थित नाले, सहित अन्य नालों का निरीक्षण कर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने तथा नालों की सफाई कराने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय वार्ड दरोगाओं एवं स्वच्छता निरीक्षकों को दिए। निगमायुक्त ने निरीक्षण के दौरान जल निकासी मार्गों तथा संभावित जलभराव वाले संवेदनशील क्षेत्रों का अवलोकन किया गया। उन्होंने नालों की साफ-सफाई, जल प्रवाह की स्थिति, अतिक्रमण, अवरुद्ध मार्गों एवं अन्य बाधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रमुख नालों की सफाई कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण किया जाए तथा जलभराव संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
जलभराव वाले संभावित स्थलों का निरीक्षण
निगमायुक्त ने विगत वर्ष अतिवृष्टि के दौरान प्रभावित हुए क्षेत्रों झिंझरी स्थित संतोषी माता मंदिर, बरगवां स्थित शर्मा गुड्स ट्रांसपोर्ट सर्विस  के पास का भी निरीक्षण कर स्थानीय जनों श्री राजेन्द्र श्रीवास एवं त्रिभुवन नारायण से चर्चा कर जलभराव की समस्या के संबंध में जानकारी लेकर समस्या के निराकरण हेतु किए जा रहे कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि चिन्हित स्थानों पर स्थायी समाधान हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। संतोषी माता मंदिर के पास जलभराव की समस्या के निराकरण हेतु प्राइवेट प्लाट से पाइप लाइन निकालने की बात कहे जाने पर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा प्लाट मालिक से चर्चा कर इस दिशा में ठोस कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।  निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित किए जाएं, जिससे वर्षा काल के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नदी सफाई कार्य का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान निगमायुक्त ने कटाए घाट पहुंचकर वहां प्रयागराज से आई आई ट्रैश क्लीनर मशीन से किये जा रहे नदी सफाई कार्य का जायजा लिया। सुबह से कुल किये गए कार्य की जानकारी लेकर मशीन द्वारा किये जा रहे नदी सफाई कार्य के प्रति संतुष्टि जाहिर करते हुए नदी से निकलने वाली चोई एवं अन्य अपशिष्ट के उठाव कार्य को भी गति प्रदान करने के निर्देश जल प्रदाय विभाग के अधिकारियों को दिए।
बरगी दायीं तट मुख्य नहर का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सुश्री परिहार द्वारा बरगी दायीं तट मुख्य नहर से कटनी शहर हेतु प्रस्तावित पेयजल आपूर्ति परियोजना का भी स्थल निरीक्षण किया गया। उन्होंने ग्राम घिनौची के समीप उस स्थल का अवलोकन किया, जहां से नहर का पानी कटनी नदी तक पहुंचाए जाने की कार्ययोजना प्रस्तावित है।निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घिनौची नाला कच्चा होने के कारण संभावित जल रिसाव एवं पानी की बर्बादी को रोकने हेतु तत्काल प्रभाव से समुचित कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने नाला के पक्कीकरण, पाइपलाइन बिछाने, आवश्यक ड्राइंग-डिजाइन तैयार करने तथा तकनीकी परीक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि टनल निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत नहर से छोडा गया पानी बिना किसी बाधा के कटनी नदी तक पहुंच सके। निगमायुक्त ने कहा कि हमारा उद्देश्य कटनी शहरवासियों को नर्मदा जल के रूप में स्थायी, सुरक्षित एवं सुगम पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए निगम के संबंधित अधिकारी एनवीडीए के अधिकारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराए ताकि शहरवासियों को पेयजल सुविधा का लाभ प्रभावी रूप से प्राप्त हो सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

वर्षाकालीन तैयारियों एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने फील्ड में की मशक्कत, बरगी दायीं तट नहर परियोजना का लिया जायजा, जल आपूर्ति व्यवस्था को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने दिए निर्देश