कटनी पुलिस का बड़ा एक्शन, माधवनगर थाना क्षेत्र में बड़ी धरपकड़, 50 से अधिक वारंटी गिरफ्तार, 170 से ज्यादा पुलिस बल रातभर रहा सड़कों पर

कटनी। जिले में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में विशेष रात्रिकालीन कांबिंग गश्त अभियान चलाया गया, जिसका मुख्य केंद्र थाना माधवनगर रहा।
अभियान के दौरान 170 से अधिक पुलिस बल ने अलग-अलग बीटों में उतरकर अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ सघन कार्रवाई की। इस दौरान 50 से अधिक वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, वहीं आदतन अपराधियों की व्यापक चेकिंग कर उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
ऐसे चला अभियान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया द्वारा थाना माधवनगर में सभी अधिकारियों को ब्रीफ कर रणनीति बनाई गई। इसके बाद 7 अलग-अलग टीमों का गठन कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी गई। इस दौरान सीएसपी नेहा पच्चीसिया, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, एसडीओपी धीरेन्द्र धार्वे सहित जिले के 15 थाना प्रभारियों ने खुद फील्ड में उतरकर कार्रवाई को लीड किया। कार्रवाई करते हुए टीमों ने 36 गिरफ्तारी वारंटी और 14 स्थाई वारंटी तामील किए। 50 से अधिक वारंटी गिरफ्तार हुए। 51 से अधिक निगरानी बदमाशों की चेकिंग की गई। 25 गुंडों के घर में पुलिस ने दबिश दी। 3 जिला बदर अपराधियों की जांच की गई। इस दौरान 2 आबकारी और 2 आर्म्स एक्ट के प्रकरण भी दर्ज किए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वाले आधा दर्जन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 34 वाहन चालकों के चालान काटे गए एवं 28 जमानती वारंट और 43 समंस तामील किए गए।
अपराधियों में दिखा बदलाव
अभियान के दौरान एक सकारात्मक पहलू भी सामने आया। पुलिस की सख्ती से प्रभावित होकर कुछ आदतन अपराधियों ने अपराध छोड़कर यातायात और सड़क सुरक्षा में सहयोग देने की इच्छा जताई और स्वेच्छा से सेवाएं देने की पेशकश की। कटनी पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *