एनकेजे पुलिस की तत्परता, चंद घंटों में नाबालिग बालक को सुरक्षित किया बरामद, परिजनों को सौंपा
कटनी। जिले की थाना एनकेजे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपहृत नाबालिग बालक को महज कुछ ही घंटों में सुरक्षित बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने बालक को कटनी रेलवे स्टेशन से दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिससे परिवार में राहत की लहर दौड़ गई। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई।
पुलिस के मुताबिक थाना एनकेजे में दर्ज अपराध क्रमांक 224/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत नाबालिग बालक के अपहरण का मामला सामने आया था। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत अपहृत बच्चों की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए गए हैं।
इसी के तहत थाना प्रभारी एनकेजे रूपेंद्र राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालक का पता लगाते हुए कटनी रेलवे स्टेशन से उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेंद्र राजपूत, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक राजेश काछी, आरक्षक अर्पित पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने एनकेजे पुलिस की त्वरित कार्यवाही और संवेदनशीलता की सराहना की है।








