कटनी पुलिस के 4 अधिकारी हुए सेवा-निवृत्त, सम्मानपूर्वक दी गई भावभीनी विदाई

कटनी पुलिस के 4 अधिकारी हुए सेवा-निवृत्त, सम्मानपूर्वक दी गई भावभीनी विदाई

कटनी। पुलिस विभाग में वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चार अधिकारियों को गुरुवार को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। सेवा-निवृत्ति के अवसर पर आयोजित समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा ने शाल-श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सभी अधिकारियों को सम्मानित किया।
आज कटनी पुलिस विभाग से उप पुलिस अधीक्षक मोहिनी परस्ते (थाना प्रभारी, अजाक), कार्यवाहक उप निरीक्षक धनंजय पांडे (थाना बहोरीबंद), कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक रमेश शरण मिश्रा (थाना कोतवाली), कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक मनसुख लाल (थाना कुठला) सेवा निवृत हुए। इन सभी अधिकारियों ने अपने सेवाकाल के दौरान विभिन्न जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया और विभाग में अनुशासन, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा ने उन्हें आगामी जीवन में सक्रिय रहने, रुचिपूर्ण कार्यों में समय देने और साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी।
इस दौरान थाना प्रभारी कुठला राजेंद्र मिश्रा, थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे एवं थाना प्रभारी बहोरीबंद विजय विश्वकर्मा ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को अनुकरणीय बताया। समारोह में रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, सूबेदार अंजू लकड़ा सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का समस्त स्टाफ एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम भावुक माहौल में संपन्न हुआ, जहां विभाग ने अपने अनुभवी साथियों को सम्मान और शुभकामनाओं के साथ विदा किया।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post