केंद्र की ‘यूएस ट्रेड डील’ के खिलाफ कटनी युवा कांग्रेस का हल्लाबोल, बड़वारा से ‘किसान न्याय सत्याग्रह’ का शंखनाद

​कटनी। केंद्र सरकार की कथित यूएस ट्रेड डील और क्षेत्र में व्याप्त बेरोजगारी के मुद्दों को लेकर कटनी जिला युवा कांग्रेस ने आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब एवं प्रदेश अध्यक्ष यश गंगोरिया के आह्वान पर बुधवार को कटनी के बड़वारा मुख्यालय स्थित परमानंद तिराहे में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में ‘किसान न्याय सत्याग्रह’ की औपचारिक शुरुआत की गई। एक माह तक चलने वाले इस आंदोलन के माध्यम से युवा कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
​यूएस डील को बताया काला कानून
​कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे युवा नेता मोहम्मद इसराइल ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाई गई ‘यूएस डील’ पूरी तरह किसान विरोधी है। यदि यह काला कानून प्रभावी होता है, तो देश के छोटे और सीमांत किसानों का अस्तित्व संकट में पड़ जाएगा और उनका दमन होगा। इसराइल ने आरोप लगाया कि सरकार चंद बड़े उद्योगपतियों के फायदे के लिए अन्नदाताओं के हितों की बलि दे रही है।
​पलायन और बेरोजगारी पर उठाए सवाल
​सत्याग्रह के दौरान स्थानीय युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि कटनी जिला औद्योगिक रूप से समृद्ध है और यहाँ कई बड़ी कंपनियां स्थापित हैं, लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के बजाय अन्य राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है। मोहम्मद इसराइल ने कहा, “आज मध्य प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा डिग्री लेकर सड़कों पर भटक रहा है। भ्रष्ट तंत्र और युवा विरोधी नीतियों के कारण कटनी के युवाओं को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।”
​वादों की वादाखिलाफी: ₹2700 गेहूं और ₹3100 धान का मुद्दा
​युवा कांग्रेस नेता राघवेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र में गेहूं ₹2700 और धान ₹3100 प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य पर खरीदने का वादा किया था। लेकिन समय बीतने के बाद भी यह वादा केवल कागजों तक सीमित है। उन्होंने खाद की किल्लत पर चिंता जताते हुए कहा कि आज अन्नदाता खाद के लिए लाइनों में लगा है और कई जगह किसानों की मौत तक हो रही है, जो बेहद शर्मनाक है।
​एक माह तक जारी रहेगा सत्याग्रह
​जिला युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यह ‘किसान न्याय सत्याग्रह’ केवल प्रतीकात्मक नहीं है। यह आंदोलन आगामी एक माह तक निरंतर जारी रहेगा। बुधवार को हुए इस प्रदर्शन में जिले भर से युवाओं, किसान एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों को फसल का उचित दाम और स्थानीय युवाओं को रोजगार नहीं मिला, तो यह आंदोलन उग्र रूप धारण करेगा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बरही राज सिंह, विजय कुमार, रवि कुमार, गगन, अजय, मूलचंद, रामचरण, देवदत्त, मुरलीधर, अवध, कैलाश, प्रदीप, नीलेश कुमार, सिद्धार्थ, विकास सहित अन्य लोगों की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *