सड़क सुरक्षा को लेकर उमरियापान पुलिस मुस्तैद, दर्जनों वाहन चालकों की जांच कर दी समझाइश, कई पर लगाया जुर्माना, हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर सख्ती

सड़क सुरक्षा को लेकर उमरियापान पुलिस मुस्तैद, दर्जनों वाहन चालकों की जांच कर दी समझाइश, कई पर लगाया जुर्माना, हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर सख्ती

कटनी। पुलिस मुख्यालय के द्वारा हेलमेट की अनिवार्यता और यातायात नियमों के प्रति जारी किए गए निर्देशों को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में जिले भर में कटनी पुलिस के द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उमरियापान पुलिस ने भी क्षेत्र में शिकंजा कसते हुए सड़कों पर चौकसी बढ़ा दी है। मुख्य चौराहो और सड़कों पर चेकप्वाइंट लगाकर उमरियापान पुलिस के द्वारा आने जाने वाले वाहन चालकों की ब्रीद एनालाइजर के जरिए जांच करते हुए उन्हें अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करने की समझाइए दी जा रही है। इसके अलावा लगातार शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने जैसे कठोर कदम भी पुलिस के द्वारा उठाए जा रहे हैं।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए उमरियापान थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया एवं स्लीमनाबाद एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में सड़क पर जांच कार्यवाही की जा रही है। गत शाम जांच करते हुए न केवल वाहन चालकों को हेलमेट की अनिवार्यता के विषय में जानकारी देते हुए उन्हें वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनने के लिए जागरूक किया गया, बल्कि लापरवाही पूर्वक एवं नियम विरुद्ध तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्यवाही भी की गई। बार-बार शराब का सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़े जाने पर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जैसी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट अनिवार्य रूप से धारण करें। हेलमेट आपके प्राणों के लिए रक्षा कवछ है। लापरवाही जानलेवा बन सकती है। जान जोखिम में डालकर यात्रा न करें।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post