महापौर समेत पूरी एमआईसी परिषद बैठक में रहेंगी अनुपस्थित, बजट बैठक को लेकर उठे सवाल, बोले बिट्टू जनहित को लेकर असंवेदनशीलता उजागर

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी की परिषद बैठक कल परिषद हॉल में आयोजित होनी है, लेकिन बैठक से पहले ही सियासी हलचल तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार महापौर प्रीति संजीव सूरी सहित पूरी एमआईसी (मेयर इन काउंसिल) ने बैठक में अनुपस्थित रहने के लिए अग्रिम आवेदन दे दिया है।
इस घटनाक्रम को लेकर नगर की राजनीति गरमा गई है। वरिष्ठ पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष एडवोकेट मौसूफ बिट्टू ने इस बात को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे जनहित के साथ खिलवाड़ बताया है। उन्होंने कहा कि पहले ही बजट बैठक अत्यधिक विलंब से आयोजित की जा रही है, ऐसे में महापौर और एमआईसी सदस्यों का सामूहिक रूप से अनुपस्थित रहना गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आगे कहा कि परिषद की बैठक में बजट जैसे महत्वपूर्ण विषय को पारित किया जाना बेहद आवश्यक है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का इस तरह परिषद की बैठक से दूरी बनाना नगर विकास के प्रति लापरवाही को दर्शाता है।
एडवोकेट बिट्टू ने आरोप लगाया कि नगर निगम में पहले से ही कुछ लोगों के द्वारा मिलकर निर्णय लिए जा रहे हैं, जिससे पार्षदों और कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल है। ऐसे में परिषद बैठक से सामूहिक अनुपस्थिति का निर्णय स्थिति को और गंभीर बना सकता है।
जनहित बनाम राजनीति
नगर निगम की इस अहम बैठक से महापौर और एमआईसी की दूरी ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या जनहित के मुद्दों पर राजनीति हावी हो रही है?, अब देखना यह होगा कि कल परिषद बैठक में बजट पारित होता है या फिर एक बार फिर टल जाता है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *