निगमायुक्त ने प्रगणकों को जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता एवं गोपनीयता की दिलाई शपथ
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी के मेयर इन काउंसिल सभागार कक्ष में जनगणना 2027 के तहत आयोजित प्रशिक्षण के अंतिम दिवस प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार द्वारा उपस्थित प्रगणकों को जनगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता, गोपनीयता की शपथ दिलाई एवं स्व गणना करने के हेतु सभी को प्रेरित करने को कहा गया। इस दौरान आयुक्त सुश्री परिहार द्वारा शपथ दिलाई गई कि मैं सत्यनिष्ठा पूर्वक प्रतिज्ञा करता, करती हूं कि मैं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनगणना 2027 के लिए एक प्रगणक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करूंगा। मैं विनम्रता, शिष्टाचार और धैर्य के साथ प्रत्येक घर में जाऊंगा, और प्रत्येक उत्तरदाता के साथ सम्मान और गरिमा के साथ व्यवहार करूंगा, चाहे उनका धर्म, जाति, भाषा, लिंग या सामाजिक स्थिति कुछ भी हो। मैं हर सवाल को सच्चाई से पूछेंगे और बिना किसी पूर्वाग्रह, धारणा या हेरफेर के हर उत्तर को सटीक रूप से रिकॉर्ड करूंगा। मैं मुझे दिए गए एचएलबी में प्रत्येक घर तक पहुंचने का हर संभव प्रयास करूंगा, किसी को भी बिना गिनती किए नहीं छोडूंगा, और उन घरों का फिर से दौरा करूंगा जहां मैं अपनी पहली मुलाकात पर उत्तरदाता से मिलने में असमर्थ था। मैं मेरे साथ साझा की गई सभी जानकारी की पूर्ण गोपनीयता बनाए रखूंगा और इसे किसी भी व्यक्ति को प्रकट नहीं करूंगा या जनगणना के अलावा किसी अन्य उद्देश्य के लिए इसका उपयोग नहीं करूंगा।
मैं इस जिम्मेदारी को गर्व और सेवा की भावना के साथ स्वीकार करता हूं, यह जानते हुए कि मेरे द्वारा एकत्र किया गया डेटा उन नीतियों और कार्यक्रमों को आकार देगा जो मेरे करोड़ों साथी नागरिकों की मदद करते हैं। इस दौरान नगर जनगणना अधिकारी जागेश्वर पाठक सहित वार्ड प्रगणकोें एवं सुपरवाईजर की मौजूदगी रही।








