खदान में डूबने से मौसी-भतीजी की दर्दनाक मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली
कटनी। कटनी जिले के बाकल थाना अंतर्गत ग्राम साडा में एक हृदयविदारक हादसे में मौसी और भतीजी की खदान में डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब दोनों शादी समारोह में शामिल होने गांव आई थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पटना निवासी 12 वर्षीय सिमरन उर्फ माही अपने परिजनों के साथ ग्राम साडा में मौसी के घर विवाह समारोह में शामिल होने आई थी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे सिमरन अपनी 40 वर्षीय मौसी अनुतिया यादव के साथ श्मशान घाट के पास स्थित एक छोटी खदान में नहाने गई थीं। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान सिमरन का पैर फिसल गया और वह खदान के गहरे पानी में डूबने लगी। भतीजी को बचाने के प्रयास में मौसी अनुतिया भी खदान में कूद गईं, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों की मौके पर ही डूबकर मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलने पर बाकल थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों के शव को खदान से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी दिनेश तिवारी के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में शादी की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मंगल गीतों की जगह चीख-पुकार और रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं।








