जनसमस्याओं के समाधान की सशक्त पहल, नगर निगम में 28 अप्रैल मंगलवार को आयोजित होगी महापौर जनसुनवाई, एक ही मंच पर होगा समाधान
कटनी। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा संचालित महापौर जनसुनवाई अब एक विश्वसनीय व्यवस्था के रूप में स्थापित हो चुकी है। इस पहल ने नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद को मजबूती देते हुए समाधान की प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और परिणाममुखी बनाया है।
मंगलवार 28 अप्रैल को आयोजित होगी जनसुनवाई
इसी क्रम में 28 अप्रैल, मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम के मेयर इन काउंसिल सभागार में महापौर जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर उपस्थित हो सकेंगे।
महापौर के समक्ष सीधे रख सकेंगे अपनी बात
जनसुनवाई के दौरान नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे महापौर प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। इससे शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनके निराकरण की दिशा में त्वरित कार्यवाही की जा सकेगी।
मौके पर ही होंगे निर्देश, नहीं लगेगा शाखाओं का चक्कर
जनसुनवाई में संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे, जिससे प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा सकें। इस व्यवस्था से नागरिकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और एक ही स्थान पर समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ हो सकेगी।साथ ही जिन समस्याओं का निराकरण त्वरित किया जा सकता है उन्हें तुरंत निराकृत भी किया जाएगा।
लगातार बढ़ रही सहभागिता और भरोसा
प्रत्येक मंगलवार को आयोजित हो रही इस जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक भाग लेकर अपनी समस्याएं रख रहे हैं। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट एवं अतिक्रमण जैसे विषयों पर प्राप्त आवेदनों के निराकरण से इस व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। इस पहल के माध्यम से न केवल शिकायतों के निराकरण में गति आई है, बल्कि कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी सुनिश्चित हो रही है। जनसुनवाई के दौरान ही समस्याओं की मॉनिटरिंग और फॉलोअप की प्रक्रिया शुरू हो जाती है, जिससे लंबित मामलों में भी तेजी से प्रगति देखने को मिल रही है।
त्वरित कार्यवाही से मिल रही राहत
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही होने से नागरिकों को समय पर राहत मिल रही है। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाने से आमजन को अनावश्यक प्रतीक्षा से मुक्ति मिल रही है और नगर निगम की सेवाओं के प्रति संतुष्टि का स्तर भी बढ़ रहा है।








