राहगीरी डे का आयोजन कल रविवार 26 अप्रैल को प्रातः 7 बजे से होगा फॉरेस्टर प्लेग्राउंड के सामने

कटनी। शहर में स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा की गई अनूठी पहल के तहत रविवार 26 अप्रैल को प्रातः 7ः00 बजे से 8ः30 बजे तक महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्लेग्राउंड के सामने राहगीरी डे का भव्य आयोजन किया जाएगा। नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन ने बताया कि इस आयोजन के तहत निर्धारित मार्ग को वाहन मुक्त रखकर नागरिकों को खुले वातावरण में योग, खेलकूद एवं विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम में योग, जुंबा, रस्सा खींच, पिट्टू, शतरंज, कैरम, स्केटिंग, म्यूजिकल चेयर जैसे 25 से अधिक रोचक गतिविधियां आयोजित होंगी, जिससे हर आयु वर्ग के लोग जुड़कर तनावमुक्त माहौल के बीच इस आयोजन का आनंद प्राप्त कर सकेंगे। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को कार्यक्रम के दौरान प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जायेगा।
राहगीरी डे के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता शपथ एवं जनसंवाद जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के जरिए नागरिकों को कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाये रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पूर्व में आयोजित राहगीरी डे कार्यक्रमों को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है, जिससे यह पहल शहर में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढाने का प्रभावी माध्यम बन रही है। नगर निगम प्रशासन ने हर आयु वर्ग के नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सहभागिता और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शहर के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएं।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *