स्वच्छ सर्वेक्षण की जमीनी तैयारियों की निगम कमिश्नर ने की समीक्षा, बोलीं लापरवाही पर होगी कार्यवाही, रात्रिकालीन सफाई एवं कचरा पृथक्करण पर दे विशेष जोर

स्वच्छ सर्वेक्षण की जमीनी तैयारियों की निगम कमिश्नर ने की समीक्षा, बोलीं लापरवाही पर होगी कार्यवाही, रात्रिकालीन सफाई एवं कचरा पृथक्करण पर दे विशेष जोर

कटनी। शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने तथा आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार ने बुधवार शाम स्वच्छता संबंधी विभिन्न कार्यों एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।
स्वच्छता केवल अंक नहीं, स्वस्थ जीवन का आधार
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल सर्वेक्षण में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शहरी जीवन का आधार है। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को शत-प्रतिशत प्रभावी बनाने तथा प्रत्येक घर एवं प्रतिष्ठान से गीले और सूखे कचरे का पृथक संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश एम एस डब्लू प्रबंधन को दिए।
कचरा संग्रहण में अनियमितता पर सख्ती
बैठक में कचरा संग्रहण वाहनों के समय निर्धारण में अनियमितता की जानकारी मिलने पर निगमायुक्त ने एमएसडब्ल्यू प्रबंधन को आवश्यकता अनुसार वाहनों की संख्या बढ़ाने तथा विशेष रूप से व्यावसायिक क्षेत्रों में रात्रिकालीन कचरा संग्रहण अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ट्रेंचिंग ग्राउंड में वैज्ञानिक पद्धति से कचरा निपटान, नियमित मॉनिटरिंग एवं उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने हिदायत दी कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसियों पर शुल्क कटौती की कार्रवाई की जाएगी।
सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था
बाजार क्षेत्रों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही शहर की सकारात्मक पहचान स्थापित करता है। सोर्स सेग्रीगेशन, आरआरआर सेंटर और जन जागरूकता पर फोकस करने आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर के माध्यम से कचरे के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने तथा जन-जागरूकता गतिविधियों के जरिए नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए।
जवाबदेही और नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक
समीक्षा के दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण के सभी मापदंडों के अनुरूप कार्यों की नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी, कमियों का त्वरित निराकरण तथा प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए सफाई उपरांत स्थल में गंदगी न हो इस बात पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी स्वास्थ्य अमले को दिए।
जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ शहर
निगमायुक्त श्रीमती परिहार ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता एक सतत जनआंदोलन है, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। “मेरा शहर, मेरी जिम्मेदारी” की भावना के साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर का निर्माण संभव है।
इनकी रही मौजूदगी
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के नोडल अधिकारी आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी, समस्त वार्डों के स्वच्छता निरीक्षक, वार्ड दरोगा तथा संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post

🌟कानाफूसी🌟 बारबालाओं संग होटल में रंगरलियां मनाने वाले चेले ले गए डीबीआर, होटल स्टाफ और मालिक को धमकाया, करतूत छिपाने बना रहे दबाव, होटल में खड़ी दुपहरिया भईया जी ने लात घूंसो, बेल्ट, चप्पल से की थी पिटाई…