मुस्कान विशेष अभियान में मिली सफलता, बाकल पुलिस ने गुमशुदा नाबालिग बालिका को अहमदाबाद से किया दस्तयाब, परिजनों को सौंपा
कटनी। जिले में चलाए जा रहे “मुस्कान विशेष अभियान” के तहत बाकल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 16 वर्षीय गुमशुदा नाबालिग बालिका को गुजरात के अहमदाबाद से सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। यह अभियान 1 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य गुमशुदा नाबालिग बच्चों की शीघ्र तलाश कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाना है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बाकल पुलिस ने यह सराहनीय कार्यवाही की।
पुलिस के मुताबिक 7 अप्रैल 2026 को फरियादी ने बाकल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्ष 6 माह की नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 147/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने मानवीय सूत्रों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालिका की तलाश की। आखिरकार 18 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद (गुजरात) से बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह माता-पिता द्वारा शादी की बात को लेकर नाराज होकर बिना बताए घर छोड़कर अहमदाबाद चली गई थी। कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश तिवारी, उप निरीक्षक बी.एल. ठाकुर, सहायक उप निरीक्षक बी.एम. चौधरी, प्रधान आरक्षक शिव सिंह, आरक्षक सतेंद्र राजपूत (साइबर सेल), आरक्षक रोहित सिंह, महिला आरक्षक रक्षा साहू सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








