कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 150 पाव अवैध शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार, सटोरिया भी धरा गया

कटनी। जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 150 पाव अवैध देशी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके कब्जे से लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की शराब बरामद हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी करते हुए चौपाटी क्षेत्र से मेहबूब (45 वर्ष) के पास से 34 पाव देशी शराब, कैलवारा खुर्द से पवन दुबे (47 वर्ष) के पास से 45 पाव शराब, सावरकर वार्ड चौधरी मोहल्ला से रूबी अहिरवार के पास से 40 पाव शराब, खिरहनी फाटक से हीरालाल निषाद के पास से 29 पाव शराब
बरामद की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34ए के तहत अपराध क्रमांक 369/26, 370/26 एवं 371/26 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
ऑनलाइन सट्टा भी पकड़ा गया
इसी दौरान गांधी गंज निवासी शुभम पाण्डेय को मोबाइल फोन पर ऑनलाइन सट्टा खेलते पाए जाने पर सट्टा एक्ट की धारा 4क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा, रमेश शरण मिश्रा, प्रधान आरक्षक विरेन्द्र तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अवैध शराब और नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *