निगमायुक्त ने की स्वच्छ सर्वेक्षण के कार्यों की समीक्षा, नोडल अधिकारियों एवं वार्ड दरोगाओं से लिया फीडबैक, दिए आवश्यक निर्देश

कटनी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से रोजाना किए जा रहे प्रयासों एवं गतिविधियों की शुक्रवार शाम निगमायुक्त तपस्या परिहार द्वारा समीक्षा की जाकर नोडल अधिकारियों एवं एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन, स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी सहित विभिन्न शाखाओं के नोडल अधिकारी ,स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े अधिकारी, सभी सेनेटरी इंस्पेक्टर, वार्ड दरोगा एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारियों से लिया फीडबैक
निगमायुक्त श्रीमती परिहार द्वारा समीक्षा बैठक के दौरान वार्डवार नियुक्त नोडल अधिकारियों से वार्ड स्तर पर संचालित स्वच्छता गतिविधियों एवं सफाई कार्यों का फीडबैक लिया गया। बैठक में निगमायुक्त द्वारा प्रत्येक वार्ड की साफ-सफाई, कचरा संग्रहण, डोर-टू-डोर कलेक्शन, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं निर्धारित मापदंडों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराते हुए कार्यों में आ रही समस्याओं एवं सुधार की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
जिम्मेदारी से करें दायित्वों का निर्वहन
निगमायुक्त ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित पैरामीटर्स के अनुरूप पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, इसके लिए अधिकारी कर्मचारी समय पर अपने दायित्वों में उपस्थित होकर नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करें।
कंट्रोल रूम की शिकायतों का हो शीघ्र निराकरण
निगमायुक्त ने बैठक के दौरान कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली स्वच्छता संबंधी शिकायतों पर तत्परता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का त्वरित निराकरण नहीं किया जा सकता उनका निराकरण अनिवार्य रूप से दो दिवस के भीतर कराना सुनिश्चित करें।
दिए आवश्यक निर्देश
निगमायुक्त ने नोडल अधिकारियों को रोजाना वार्ड की एक गली का भ्रमण कर उसकी सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वही प्राप्त कमियों की रोजाना रिपोर्टिंग करने, सेग्रीगेशन हेतु रोजाना 10 घरों से संपर्क कर गीला सूखा कचरा अलग अलग देने, बाजार क्षेत्र से निकलने वाले कचरे के संग्रहण हेतु रात्रिकालीन वाहन सुविधा अनवरत जारी रखने, सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाने, डेयरी संचालकों को नोटिस जारी करने, समय से दायित्व पर उपस्थित होने, नागरिकों की सुविधा हेतु बनाए गए व्हाट्स ऐप ग्रुप में प्रत्येक वार्ड के नागरिकों को जोड़ने सहित सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के संबंध में कई महत्वपूर्ण दिशा निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके तहत वार्ड स्तर पर रोजाना गतिविधियों का संचालन एवं निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *