10 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, लापरवाही और अनुशासनहीनता पर एसपी का सख्त रवैया

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी द्वारा आज पुलिस कार्यालय में आयोजित ‘अर्दली रूम’ में विभागीय अनुशासन को लेकर बड़ा एक्शन लिया गया। कर्तव्यों में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामलों की समीक्षा करते हुए कुल 10 अधिकारियों, कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई की गई।
यह हुई कार्रवाई?
विभागीय जांच में दोषी पाए गए प्रधान आरक्षक, आरक्षक वर्ग के कर्मचारियों की एक वेतन वृद्धि (असंचयी प्रभाव से) रोक दी गई। बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले एक थाना अधिकारी पर भी यही कार्रवाई की गई। न्यायालयीन प्रकरणों में विवेचना में देरी करने वाले दो उप-निरीक्षकों पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। विभागीय जांच को लंबित रखने पर एक सूबेदार, लाइन अधिकारी पर भी 5 हजार का अर्थदंड अधिरोपित किया गया।
गंभीर लापरवाही पर बड़ा एक्शन
एक उप-निरीक्षक द्वारा नाबालिग बालिका के मामले में थाना प्रभारी के निर्देशों की अवहेलना, वैधानिक कार्रवाई में देरी और वरिष्ठ अधिकारी से अमर्यादित व्यवहार करने पर कड़ा रुख अपनाते हुए एक माह के वेतन का 50% काटने का दंड दिया गया। शासकीय गोपनीयता भंग करने वाले एक उप-निरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित की गई है। जांच लंबित रखने वाले चौकी प्रभारी एवं विशेष ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले प्रधान आरक्षकों की सर्विस बुक में निंदा प्रविष्टि दर्ज की गई। अर्दली रूम के समापन पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने स्पष्ट शब्दों में आगाह करते हुए कहा की आम जनता से जुड़े मामलों का समयसीमा में निराकरण करें। वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का अक्षरशः पालन करें। कर्तव्यों के प्रति सजग रहें, अन्यथा और कठोर कार्रवाई (निलंबन/सेवा समाप्ति) की जाएगी। जनता की सेवा और कानून का शासन स्थापित करना है, इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता अक्षम्य है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *