कटनी में गेहूं खरीदी में देरी पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
कटनी। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथियों में बार-बार बदलाव और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कलेक्टर के नाम संयुक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन सौंपने से पहले जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह और शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेसजन एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते अन्नदाता गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने बताया कि गेहूं उपार्जन की तिथियां बार-बार बदलकर 23 मार्च, 1 अप्रैल, 10 अप्रैल और अब 15 अप्रैल कर दी गई हैं, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है और उन्हें अपनी उपज बेचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही सहकारी संस्थाओं द्वारा ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च तय किए जाने से कई किसान डिफाल्टर हो गए हैं।
कांग्रेस का आरोप है कि मजबूरी में किसान अपनी उपज 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल के कम दामों पर बेचने को विवश हैं, जो उनके साथ अन्याय है। वहीं, पड़ोसी राज्य राजस्थान में 16 मार्च से गेहूं खरीदी शुरू हो चुकी है, जिससे मध्यप्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
गेहूं उपार्जन प्रक्रिया तत्काल सुचारू रूप से शुरू की जाए
किसानों से समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित की जाए
ऋण वसूली की समय-सीमा बढ़ाकर किसानों को राहत दी जाए। किसानों को उचित मूल्य दिलाने ठोस कदम उठाए जाएं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनआक्रोश को देखते हुए व्यापक आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें गणेश राव, सत्येंद्र सिंह भदौरिया, कल्लूदास बैरागी, अजय गर्ग, जितेंद्र सिंह, सरमन चौधरी, मंगल सिंह, सुशील जायसवाल, रविंद्र (छोटू) सिंह बघेल, नरेंद्र सैनी, विकास निगम, राजेश जाटव, रमाकांत दुबे, नदीम अहमद, अंबिका प्रसाद द्विवेदी, शरद द्विवेदी, रणजीत सिंह, अजय जसवानी, मनीषा सिंह सोलंकी, माया चौधरी, प्रियदर्शन गौर, नारायण निषाद, श्याम यादव, जालिम यादव, पार्षद मनोज गुप्ता, समर, जय उरमलिया, गणेश नारायण गुप्ता, मजीद खान, मुन्ना भाई जान, रजनी वर्मा, सौम्या रंधेलिया सहित अन्य शामिल रहे।








