रीठी विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों का जिलापंचायत सीईओ ने किया औचक निरीक्षण, अपूर्ण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराने दिए निर्देश

रीठी विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांवों का जिलापंचायत सीईओ ने किया औचक निरीक्षण, अपूर्ण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण कराने दिए निर्देश

कटनी। मानव जीवन के लिए पानी की एक एक बूंद जीवन दायिनी है। बारिश के पानी को सुरक्षित करना, इसके लिए किए गए उपायों को बढ़ावा देना हम सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है और यदि हम समय रहते सचेत नहीं होते हैं तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य संकटों से ग्रस्त होगा। इसे सुरक्षित करने जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत मनरेगा एवं अन्य योजनाओं से स्वीकृत अमृत सरोवर, चेकडैम, सोक पिट, खेत तालाब एवं अन्य जल संरचनाओं के लिए स्थल का चयन बेहद सावधानीपूर्वक करते हुए तकनीकी मानकों का पालन कर तय समय सीमा में प्रगतिरत अपूर्ण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से गुणवत्ता पूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें। इस आशय के निर्देश जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने गुरुवार को रीठी विकासखंड के आधा दर्जन से अधिक गांव का औचक निरीक्षण करते हुए जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री एवं अन्य तकनीकी अधिकारियों को दिए। श्रीमती कौर ने ग्राम पंचायत हथकुरी के नवापट्टी में सुनमान सिंह के खेत तालाब का निरीक्षण कर स्थल चयन को लेकर नाराजगी जताते हुए तत्परता पूर्वक कार्यवाही करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने तकनीकी स्वीकृति, व्यय राशि और मूल्यांकन राशि आदि की जानकारी ली।

तपती दुपहरी में इन आधा दर्जन से अधिक गांवों में पहुंची जिला पंचायत सीईओ

कड़ाके की चिलचिलाती धूप और तपती दुपहरी में गर्मी को नजरअंदाज करते हुए कच्चे रास्ते, मेंढ़ और पगडंडी पर चलकर जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ देवगांव, हथकुरी, वसुधा, तिघरा कलां,उमरिया,नवापट्टी एवं अन्य ग्रामों में कराए गए जल गंगा संवर्धन के अंतर्गत जल संग्रहण हेतु कराये जा रहे अमृत सरोवर, चेक डैम, सोकपिट एवं जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित कराए गए जलाशयों का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एस्टीमेट, सूचना पटल, स्थल चयन, कार्य प्रारंभ होने से लेकर कार्य की शुरुआत और निगरानी के संबंध में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली एवं सख्त निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ सुश्री कौर ने सामुदायिक भवन तथा निर्माणधीन भवन का अवलोकन कर जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए।

ग्रामीणों और श्रमिक महिलाओं  से हुई रूबरू

जिला पंचायत की सीईओ श्रीमती कौर ने तेज धूप में काफी देर तक खड़े होकर जल गंगा संवर्धन अभियान के संबंध में ग्रामीणों और महिला श्रमिकों से संवाद किया। लाडली बहना, पेंशन योजना एवं एवं केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से क्या लाभ मिल रहा है इसकी जानकारी ली। उन्होंने जल जीवन मिशन परियोजनाओं के अंतर्गत हर-घर नल और हर घर जल के संबंध में ग्रामीणों का फीडबैक लिया। पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने देवगांव में नल जल योजना में आवश्यक सुधार करने के संबंध में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को तत्परता पूर्वक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ राजेश नरेंद्र सिंह, मनरेगा के परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार, मीडिया प्रभारी योगेंद्र कुमार असाटी, सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, जल संसाधन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी और ग्रामीण जन मौजूद रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post