देसी पिस्टल लिए रेलवे क्रॉसिंग माधव नगर के पास खड़ा था बदमाश, इससे पहले की होती कोई वारदात पुलिस ने दबोचा
कटनी। माधवनगर स्टेशन के पास हाथ में देशी पिस्टल लिये आतंक मचाते एक बदमाश को माधव नगर पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पकड़ा गया शातिर बदमाश देशी पिस्टल लिए किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इससे पहले कि वह अपने नापाक मंसूबों में कामयाब हो जाता उसे पुलिस की टीम ने घर दबोचा। पुलिस ने गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए माधव नगर थाना प्रभारी संजय दुबे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में माधव नगर पुलिस क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार सतर्कता बरत रही है। इसी क्रम में गत 28 मार्च की रात्री जवारा विसर्जन जुलूस के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि माधवनगर रेल्वे स्टेशन के रेल्वे क्रासिंग के पास एक बाहरी व्यक्ति देशी पिस्टल लिये हुए खड़ा है। जिसे जल्द नहीं पकड़ा गया तो निश्चित ही स्टेशन से ट्रेन पकड़कर भाग सकता है। सूचना मिलते ही माधवनगर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मनीष चौधरी पिता मुकेश चौधरी उम्र 19 वर्ष निवासी भोलानगर फकीरचंद का अखाडा सिंधी कैंप थाना हनुमानताल जबलपुर को गिरफ्तार किया। जिसकी तलाशी लिये जाने पर उसके पैंट की बांयी जेब से एक लोहे की देशी पिस्टल मिली। पुलिस ने देशी पिस्टल को जप्त करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाश के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उक्त कार्यवाही में निरीक्षक संजय दुबे, उप नवीन नामदेव, आर. लोकेन्द्र सिंह, उमाकान्त तिवारी, नवीव शुक्ला, नन्दन कुमार एवं चन्द्रेश सिंह की सराहनीय भूमिका रही।








