विश्व क्षय दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, 100 दिवसीय निक्षय अभियान के द्वितीय चरण का हुआ शुभारंभ

कटनी। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व क्षय दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर के नवीन सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा मुख्य अतिथि एवं उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा 10 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित 44 ग्राम पंचायतों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर ने विश्व क्षय दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जिले में संचालित 100 दिवसीय अभियान की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में जिले ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है। निर्धारित 3,19,260 स्क्रीनिंग के लक्ष्य के विरुद्ध 3,31,996 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इसमें 86,783 एक्स-रे जांच एवं 25,417 नॉट टेस्टिंग की गई, वहीं अभियान के दौरान 4,420 नए टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें निःशुल्क उपचार प्रदान किया गया। उपचाररत मरीजों को फूड बास्केट एवं डीबीटी के माध्यम से पोषण सहायता भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने टीबी उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर देते हुए आमजन से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेंद्र दीवान ने सभी को टीबी उन्मूलन की शपथ दिलाई तथा 100 दिवसीय निक्षय शिविर अभियान के द्वितीय चरण के शुभारंभ की घोषणा की।

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में 10 टीबी मरीजों को फूड बास्केट वितरित की गई। साथ ही वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित ग्राम पंचायतों में से 4 को रजत पुरस्कार एवं 40 ग्राम पंचायतों को कांस्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर प्रदीप मिश्रा, डब्ल्यूएचओ जबलपुर डिवीजन के क्षेत्रीय सलाहकार डॉ. योगेश शर्मा, डीपीएम डॉ. उपेंद्र कुशवाहा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं टीबी नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े एनजीओ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *