नवरात्र में खतरनाक इरादा पाले बम लेकर घूम रहा था शातिर बदमाश, बम सहित दहशतगर्द को रंगनाथ नगर पुलिस ने किया गिरफ्तार
कटनी। मन में किसी अपराध को घटित करने का खतरनाक इरादा पाले एक दहशतगर्द जिंदा बम के साथ इधर-उधर घूम रहा था। जब इस बात की भनक रंगनाथ नगर पुलिस को लगी तो पुलिस ने तत्काल क्षेत्र के बदमाश को जिंदा बम सहित गिरफ्तार कर लिया।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए रंगनाथ नगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह ने बताया कि गत 21 मार्च को जब रंगनाथ नगर थाने की पुलिस क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी इसी दौरान सूचना मिली की एक बदमाश नया गांव लखेरा पाण्डेय का बगीचा के पास एक देशी सुअर मार बम लिये अपराध करने के इरादे से घूम रहा है। रंगनाथनगर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुच कर बदमाश को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पकड़े गए प्रकाश उर्फ पिक्कू पाण्डेय के पास मिली पन्नी में देशी सुअर मार बम पाया गया। पकड़े गए आरोपी के विरूध्द 5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत पंजीबध्द किया गया। उप.निरी. अरूणपाल सिंह थाना प्रभारी रंगनाथनगर, सउनि बहादुर सिंह, प्र.आर. अजय तिवारी, प्र.आर. प्रमोद पाठक, प्र.आर. पवन पाठक, प्र.आर. महेन्द्र दुबे, प्र.आर. रामनरेश शुक्ला, आर. रोशन यादव, बृजेश यादव, म.आर. रूचिका अग्रहरि, एनआरएस योगेश की सराहनीय भूमिका रही।








