उल्लास और अपार श्रद्धा के साथ मनाया गया हिन्दू नववर्ष, श्रीश्री 1008 सिद्धिपीठ दक्षिण मुखी बड़े हनुमान जी धाम में सजा भक्ति का भव्य दरबार, लहराया धर्मध्वज
कटनी। हिन्दू नववर्ष का पर्व शहर में पूरे उल्लास, उमंग और गहरी धार्मिक आस्था के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रसिद्ध आस्था केंद्र श्रीश्री 1008 सिद्धिपीठ दक्षिण मुखी बड़े हनुमान जी मंदिर, कमानिया गेट में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। प्रातः ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिर में भगवान हनुमान जी का विशेष अभिषेक एवं दिव्य श्रृंगार किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में पूजन-अनुष्ठान, मंत्रोच्चार और भक्ति का क्रम चलता रहा, जिससे पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करते रहे।
शाम होते ही भक्ति अपने चरम पर पहुंच गई। राम नाम संकीर्तन और 11 बार हनुमान चालीसा पाठ के साथ पूरा वातावरण जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से गूंज उठा। वेद मंत्रों के बीच दीप प्रज्वलन किया गया, जिसके पश्चात रात्रि 8 बजे भव्य महाआरती संपन्न हुई। महाआरती के बाद मंदिर परिसर में जमकर आकर्षक आतिशबाजी की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से सजा आसमान मानो श्रद्धा और उत्सव का अद्भुत संगम बन गया। आतिशबाजी की चमक से पूरा गगन जगमगा उठा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विशाल महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। मंदिर समिति के अनुसार, यह आयोजन केवल पर्व मनाने तक सीमित नहीं था, बल्कि भगवान के प्रति आस्था, विश्वास और भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम बना। श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फल देती है और भगवान हनुमान अपने भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण करते हैं। इस प्रकार हिन्दू नववर्ष का यह पावन पर्व शहर में भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ यादगार बन गया।








