जिले में जलगंगा संवर्धन अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम चाका में आयोजित, विधायक, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ व निगमायुक्त ने ग्रामीणों के साथ किया बड़ा तालाब की सफाई में श्रमदान
कटनी। जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गुरूवार को ग्राम पंचायत चाका के बड़ा तालाब में ग्रामीणों और समाज के साथ-साथ विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ व निगमायुक्त ने बड़ा तालाब में साफ सफाई के कार्य में श्रमदान किया। इस प्रकार जिले में तीसरे जिला स्तरीय जल गंगा सवर्धन अभियान का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान जल कलश यात्रा और जागरूकता रैली भी निकाली गई। जिला स्तरीय अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में विधायक मुडवारा संदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर आशीष तिवारी, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, निगमायुक्त तपस्या परिहार और जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी साक्षी और सहभागी बने।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में ग्राम पंचायत एवं मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की अगुवाई में कलश यात्रा और जागरूकता रैली का आयोजन करके जल एवं जल स्रोतों को संरक्षित और संवर्धन करने का संदेश दिया गया। जिसमें बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधियों और ग्रामवासियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में ग्राम चाका के बड़ा तालाब में श्रमदान करके तालाब की साफ-सफाई की गई। कटनी जिले में 19 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेगी। इस मौके पर विधायक श्री जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि जल संबंधी जरूरतों की पूर्ति और भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों की सुरक्षा की मंशा से सरकार ने जल गंगा संवर्धन अभियान शुरू किया है। यह एक महज सरकारी कार्यक्रम नहीं है, इस कार्य में समाज और सरकार को साथ मिलकर काम करना होगा। उन्होनें कहा कि भू-जल स्तर बनाए रखने के लिए जरूरी है कि हम वर्षाजल को संरक्षित करने के लिए वाटर हार्वेस्टिंग करें। ताकि हमारी छतों में आने वाला बारिश का पानी व्यर्थ न बहे,बल्कि जमीन के नीचे पहुंचे।जिससे आस-पास के जल स्रोतों का भूजल स्तर बढ़ेगा। कार्यक्रम को जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने भी संबोधित किया। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने अपने उद्बोधन में जल गंगा संवर्धन अभियान के विषय में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम स्थल में विधायक श्री जायसवाल ने करीब 26 लाख रूपये लागत के सीसी रोड निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया। इस दौरान जनपद पंचायत कटनी के उपाध्यक्ष जगदीश उर्मलिया, चाका की सरपंच रहीशा बेगम परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषि चड़ार, डॉ तेजसिंह केशवाल, कमलेश सैनी, योगेंद्र कुमार असाटी, जनपद पंचायत कटनी के सीईओ प्रदीप सिंह, बालमुकुन्द मिश्रा और संदीप दुबे, श्रीराम पटेल, रम्मू साहू आदि की उपस्थिति रही।
चाका में सार्वजनिक प्याऊ
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत राहगीरों और आने-जाने वालों के लिए स्वच्छ और शीतल जल पीने के लिए मुहैया कराने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत भवन चाका के सामने मिट्टी के घड़ों में भरे शीतल जल से लोंगो की प्यास बुझाई जा रही है।








