बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे हथियारबंद, 3 बदमाश हथियारों के साथ गिरफ्तार
कटनी। रीठी पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गंभीर घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे तीन हथियारबंद बदमाशों को घातक हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की सतर्कता के चलते एक संभावित बड़ी वारदात होने से पहले ही आरोपियों को दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक कटनी के द्वारा जिले में अपराधों पर नियंत्रण करने तथा अवैध हथियार रखने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। गत 15 मार्च 2026 को रीठी पुलिस के द्वारा क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान राम-जानकी मंदिर के सामने एक ही मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक आते हुए दिखाई दिए। पुलिस चेकिंग देखकर तीनों ने मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ाकर निकलने का प्रयास किया। संदेह होने पर उन्हें सख्ती से रोका गया, लेकिन तीनों ने अचानक भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।
जब पुलिस ने तीनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से चाकू और बका बरामद किए गए। इसके बाद तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार हुए मनसुख पारधी, पिता नैनसुख पारधी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम पटहरा थाना कुठला जिला कटनी, शानदार पारधी, पिता सलेन्द्र पारधी, उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम बिरूहली थाना रीठी, हाल निवासी ग्राम परसवारा थाना शाहनगर जिला पन्ना एवं राजबहादुर पारधी, पिता कंदज पारधी, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम परसवारा थाना शाहनगर जिला पन्ना से जब रीठी पुलिस ने कड़ी पूछताछ की तो यह जानकारी सामने आई कि तीनों आरोपी किसी गंभीर घटना को अंजाम देने की फिराक में क्षेत्र में घूम रहे थे। पुलिस की तत्परता से उन्हें समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया और उनके कब्जे से अवैध हथियार जब्त कर लिए गए।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रीठी निरीक्षक मोहम्मद शाहिद, उप निरीक्षक विनोद पटेल, उप निरीक्षक दिनेश चौहान, सहायक उप निरीक्षक सुशील प्रजापति, प्रधान आरक्षक अजय मेहरा, प्रधान आरक्षक राम पाठक, आरक्षक शमशेर सिंह, आरक्षक नीतेश दुबे, आरक्षक आशुतोष, आरक्षक अमन, आरक्षक ज्ञानेंद्र, आरक्षक विजय और आरक्षक सौरभ का विशेष योगदान रहा।








