रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में महीनों से बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कटनी। जिले के रीठी तहसील मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए हजारों रुपये कीमत के सीसीटीवी कैमरे पिछले कई महीनों से बंद पड़े हुए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतने लंबे समय से कैमरे खराब होने के बावजूद उन्हें अब तक ठीक नहीं कराया गया है।
अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज और उनके परिजन इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अस्पताल परिसर में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। लेकिन वर्तमान में यह कैमरे बंद पड़े हैं, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए कैमरे लगाए गए थे, ताकि किसी भी प्रकार की घटना या अव्यवस्था होने पर उसका रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके। लेकिन जब कैमरे ही बंद पड़े हों, तो उनका होना या न होना एक समान हो जाता है।
इस मामले में जब अस्पताल के बीएमओ से कैमरों के बंद होने को लेकर जानकारी लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और सवालों को टालते हुए बात को गोलमोल कर दिया। इससे लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सुरक्षा के लिहाज से अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, तो उन्हें महीनों से बंद क्यों रखा गया है। क्या कैमरों को ठीक कराने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया या फिर किसी कारणवश उन्हें जानबूझकर बंद रखा गया है। गौरतलब है कि अस्पताल के रखरखाव और व्यवस्थाओं के लिए सरकार द्वारा समय-समय पर लाखों रुपये का फंड भी भेजा जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस फंड का उपयोग कहां किया जा रहा है और अब तक कैमरों की मरम्मत क्यों नहीं कराई गई। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगाए गए कैमरों को जल्द से जल्द चालू कराया जाना चाहिए, ताकि अस्पताल परिसर में होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की घटना होने पर उसका रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। अब देखना यह होगा कि इस मामले को लेकर जिम्मेदार अधिकारी कब तक संज्ञान लेते हैं और बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को चालू कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं। फिलहाल रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।








