मुख्यमंत्री डॉ. यादव के बरही प्रवास की तैयारियां पूर्ण, कल दोपहर ढाई बजे पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, विधायक और कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के शनिवार 14 मार्च को प्रस्तावित बरही प्रवास के मद्देनजर तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक और कलेक्टर आशीष तिवारी ने शुक्रवार को बरही पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान डीआईजी राकेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, नगर परिषद बरही के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल और एसडीएम विवेक गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का बरही आगमन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव शनिवार की दोपहर 1.15 बजे बैतूल हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा बरही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर स्थित हेलीपैड पर दोपहर 2.50 बजे पहुंचेगें। वे यहां के स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम 5 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा जबलपुर के डुमना विमानतल के लिये प्रस्थान करेंगें। जहां से वे राजकीय वायुयान द्वारा भोपाल रवाना होंगें।
प्रभारी मंत्री का बरही आगमन
प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह सड़क मार्ग से दोपहर 2.30 बजे लोलरी नरसिंहपुर से कटनी जिले के बरही पहुंचेंगे। प्रभारी मंत्री श्री सिंह यहां मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ बरही के स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 5.30 बजे सड़क मार्ग से लोलरी नरसिंहपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
कलेक्टर ने लिया जायजा
कलेक्टर श्री तिवारी ने मंचीय व्यवस्था, बैठक दीर्घा और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी स्टालों का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरही परिसर में बनाए गए हेलीपैड स्थल का जायजा लिया गया। इसके पश्चात ‘आभार रैली रोड-शो’ के रूट का भौतिक सत्यापन किया गया। यह रोड-शो बड़ा तालाब से शुरू होकर सुभाष चौक, अमन बुक डिपो और कमानिया गेट से होते हुए विजयनाथ धाम मंदिर पहुंचेगा। कलेक्टर श्री तिवारी ने इस दौरान यातायात व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद कलेक्टर श्री तिवारी ने बरही के बड़ा तालाब पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री अपने प्रवास के दौरान बरही के बड़ा तालाब में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत तालाब सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ भी करेंगे।








