ग्रीष्मकाल में नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने जिला पंचायत सीईओ ने की जल जीवन मिशन के कार्यों और तैयारियों की समीक्षा

ग्रीष्मकाल में नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने जिला पंचायत सीईओ ने की जल जीवन मिशन के कार्यों और तैयारियों की समीक्षा

कटनी। ग्रीष्म काल की आहट को दृष्टिगत रखते हुए नागरिकों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हेतु जल जीवन मिशन के अंतर्गत की गई अग्रिम तैयारियों एवं कराए गए कार्यों की जिला पंचायत की सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने विस्तार से समीक्षा की। सोमवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ ने नागरिकों की समस्याओं के प्रति जवाबदेही से संवेदनशील रहकर तत्परतापूर्वक कार्यवाही कर समाधान करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर प्रत्येक ग्राम पंचायत में पेयजल की उपलब्धता हेतु सूक्ष्म रूप से निगरानी करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने सांसद एवं विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों, अपूर्ण आंगनबाड़ी भवनों, अधोसंरचना मद, स्टांप शुल्क राज्य स्तर से स्वीकृत नवीन पंचायत भवन एवं सामुदायिक भवन सहित मनरेगा योजना एवं अन्य योजनाओं एवं विभागों से स्वीकृत प्रगतिरत कार्यों को तकनीकी मानकों का पालन करते हुए पूर्ण कराए जाकर सीसी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय सत्र समापन के पूर्व निर्धारित लक्ष्य के अनुसार श्रमिक नियोजन में प्रगति लाएं अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

मौन रख कर दी विनम्र श्रद्धांजलि

विभागीय समीक्षा बैठक प्रारंभ होने के पूर्व जिला पंचायत की सीईओ सुश्री कौर सहित उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों ने जनपद पंचायत रीठी में पदस्थ अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा स्वर्गीय भागीरथ पटेल के आकस्मिक निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ने पात्रता के अनुसार संवेदनशीलता के साथ लंबित स्वत्वों के भुगतान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इनकी भी हुई समीक्षा

जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कौर ने मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण),प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना वाटरशेड, मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की विस्तार से समीक्षा करते हुए समाधान कारक प्रगति लाने के निर्देश जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और तकनीकी अधिकारियों को दिए। समीक्षा बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के प्रभारी कार्यपालन यंत्री, परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, परियोजना अधिकारी मनरेगा ऋषि राज चढ़ार, स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक कमलेश सैनी, सहायक परियोजना अधिकारी डॉ मृगेंद्र सिंह, विजय लक्ष्मी मरावी मीडिया प्रभारी योगेंद्र कुमार असाटी एवं अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post