होली में अतिरिक्त जलापूर्ति की रहेगी व्यवस्था, निगमायुक्त ने दिए निर्देश, दोपहर डेढ़ से 2 बजे तक होगी अतिरिक्त जलापूर्ति
कटनी। होली पर्व पर नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी की ओर से विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। निगमायुक्त तपस्या परिहार ने संबंधित शाखा प्रमुखों को निर्देशित किया है कि पर्व के दौरान जल, स्वच्छता एवं विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आने पाए।
उपयंत्री मृदुल श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि धुरेड़ी पर्व के मद्देनजर 4 मार्च को प्रातःकालीन नियमित जलापूर्ति की जा चुकी है, इसके अतिरिक्त दोपहर 1:30 बजे से 2 बजे तक सिविल लाइन पानी टंकी सहित विभिन्न नलकूपों के माध्यम से अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इसके साथ ही शाम की नियमित जलापूर्ति पूर्व निर्धारित समयानुसार यथावत जारी रहेगी। निगमायुक्त द्वारा स्वास्थ्य विभाग को विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने तथा विद्युत शाखा को स्ट्रीट लाइटों के समुचित रखरखाव के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि जल का मितव्ययता से उपयोग करें एवं पर्व के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग प्रदान करें।








