कटनी पुलिस की अनूठी पहल, जनसंतुष्टि के आधार पर थानों की रैंकिंग जारी, कोतवाली थाना अव्वल, सेकंड पोजीशन माधव नगर थाने की

कटनी। पुलिस और जनता के बीच की दूरी को पाटने और थानों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने एक नवाचार पेश किया है। जनवरी 2026 के आंकड़ों के आधार पर जिले के थानों की ‘जनसंतुष्टि रैंकिंग’ जारी की गई है, जिसमें थाना कोतवाली ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

पारदर्शिता के लिए तीन-स्तरीय फीडबैक सिस्टम

पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू की गई इस रैंकिंग प्रणाली में डेटा जुटाने के लिए बेहद सटीक तरीका अपनाया गया है। इसमें थानों में आने वाले नागरिकों का फीडबैक तीन स्तरों पर लिया गया। जिसमें थानों में रखे गए आगंतुक रजिस्टर की प्रविष्टियाँ। डिजिटल स्कैनर के माध्यम से नागरिकों द्वारा दिया गया सीधा फीडबैक एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रैंडम नंबरों पर की गई ‘क्रॉस-कॉलिंग’ शामिल था।

जारी आंकड़ों के अनुसार कोतवाली थाना 98.30% जनसंतुष्टि के साथ जिले में सबसे आगे रहा। वहीं, थाना माधवनगर ने 213 आगंतुकों (जिले में सर्वाधिक) के बावजूद 98.10% का शानदार स्कोर प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। थाना उमरियापान 93.29% संतुष्टि दर के साथ तीसरे स्थान पर रहा। दूसरी ओर, कुछ थानों का प्रदर्शन अपेक्षा से कम रहा है। अजाक थाना (83.33%), स्लीमनाबाद (84.12%) और बरही (84.41%) रैंकिंग में पिछड़ गए हैं।

कम रैंकिंग वाले थानों को सुधार की चेतावनी

एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों और उनके स्टाफ की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया है। वहीं, कम रैंकिंग वाले थानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपनी कार्यप्रणाली और व्यवहार में सुधार लाएं ताकि आम नागरिक थाने से संतुष्ट होकर लौटे। इस पहल का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, जवाबदेह और जनता के प्रति मैत्रीपूर्ण बनाना है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *