बरही में 15 फरवरी को निकलेगी भगवान भोलेनाथ की बारात, कार्यक्रम की तैयारी में जुटे समिति के कार्यकर्ता, ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर जोर-शोर से चल रही तैयारी
कटनी। कटनी जिले के बरही नगर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष विजयनाथ धाम में विराजमान साक्षात भू प्रकट भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात 15 फरवरी को धूम-धाम के साथ निकाली जाएगी। ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारी जोर शोर से चल रही है। समिति के कार्यकर्ता अशोक वर्मा, अजीत गुप्ता, जय नारायण गुप्ता, हेमराज उपाध्याय, किशन सोनी, शांतम ताम्रकार, लाला मूर्तिकार सहित अन्य लोगों ने बताया कि भगवान भोलेनाथ की बारात की तैयारियां जोर-जोर से चल रही है। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष पूरा नगर भगवान भोलेनाथ की बारात को लेकर दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। बारात के स्वागत के लिए जगह-जगह शानदार व्यवस्था की जाएगी। गौरतलब है कि नगर का यह ऐतिहासिक कार्यक्रम विगत 10 साल से अनवरत चल रहा है वहीं इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में भारी उत्साह का माहौल रहता है। आसपास क्षेत्र से बड़ी संख्या में भक्तजन भगवान भोलेनाथ का दर्शन आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। बारात देखने लोगों में भारी उत्साह का माहौल रहता है।
भोलेनाथ की झांकी व नृत्य देखने लोगों में रहता है उत्साह
बरही नगर में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर जहां भगवान भोलेनाथ का दर्शन आशीर्वाद लेने सुबह से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है वही ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर भगवान भोलेनाथ की झांकी एवं बाहर से आए कलाकारों की कला देखने बड़ी संख्या में भक्तों का जनसैलाब उमड़ता है। बताया गया है कि कार्यक्रम में भूतनाथ नदी सहित विभिन्न साज साज आकर्षण का केंद्र रहते हैं। प्रशासन के द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाती है समिति के कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाने एवं भगवान भोलेनाथ का दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित करने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने लोगों से अपील की गई है।








