रीठी बाईपास पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौत

कटनी। कटनी–दमोह मुख्य मार्ग स्थित रीठी बाईपास में आज एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना सामने आई। तहसील कार्यालय के सामने तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक महिला की पहचान प्यारी बाई आदिवासी (65 वर्ष) निवासी सिंघिईया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्यारी बाई आज शाम करीब 6 /30 बजे अपने घर से खेत जाने के लिए निकली थीं। इसी दौरान जब वे रीठी बाईपास पर सड़क पार कर रही थीं, तभी कटनी की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही रीठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है, जबकि चालक की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रीठी बाईपास पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाईपास पर स्पीड ब्रेकर और यातायात नियंत्रण की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *