जन समस्याओं का त्वरित निराकरण करवाने महापौर की अभिनव पहल, अब 27 जनवरी से प्रत्येक मंगलवार नगर निगम में लगेगा महापौर का जनता दरबार
कटनी। शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कटनी द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस पहल की प्रेरणास्रोत महापौर प्रीति संजीव सूरी के नेतृत्व में अब आगामी मंगलवार 27 जनवरी से नगर निगम कार्यालय में प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रत्येक मंगलवार को नियमित रूप से महापौर जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। आयोजित होने वाले जनता दरबार होने वाले जनता दरबार में आम नागरिकों को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा। महापौर जनसुनवाई के दौरान नागरिक शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं सहित अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याएं, जैसे स्वच्छता, जलापूर्ति, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण, संबंधी शिकायतें एवं अन्य नगर निगम से जुड़ी समस्याएं सीधे प्रस्तुत कर सकेंगे। इस संबंध में उपायुक्त शैलेष गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का पंजीयन कर संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु निर्देशित किया जाएगा तथा शिकायतों के निराकरण की सतत समीक्षा भी की जाएगी। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना ही नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में उसका निराकरण किया जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार निगम कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि यह पहल सुशासन, जवाबदेही एवं पारदर्शिता की दिशा में एक मजबूत कदम है, जिससे प्रशासन और नागरिकों के बीच विश्वास बढ़ेगा। जनसुनवाई के माध्यम से जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी और शहर के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। नगर निगम प्रशासन की इस पहल का शहरवासियों ने स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे उनकी समस्याओं का अब और भी सरल माध्यम से शीघ्र ही निराकरण संभव हो सकेगा।








