महापौर ने माधव नगर क्षेत्र में किया व्यापक निरीक्षण, निर्माण कार्यों व स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
कटनी। नगर निगम कटनी द्वारा शहर के सर्वांगीण विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार एवं स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को महापौर प्रीति संजीव सूरी ने माधव नगर क्षेत्र अंतर्गत आचार्य कृपलानी वार्ड एवं संत कवरराम वार्ड का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य एवं क्षेत्रीय पार्षद गोविंद चावला, डॉ. रमेश सोनी, सुभाष साहू, पार्षद सीमा श्रीवास्तव, वंदना राजकिशोर यादव, पूर्व पार्षद राजू माखीजा, वार्ड नागरिक रूपचंद्र बहरानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने वार्डों में संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, स्वीकृत ले-आउट तथा मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने सफ़ाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नालियों की स्थिति एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का भी सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान वार्डों में सफ़ाई व्यवस्था अपेक्षित नहीं पाए जाने पर महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी साफ़-सफ़ाई, समयबद्ध कचरा उठाव, नालियों की समुचित साफ़-सफ़ाई तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। महापौर ने कहा कि स्वच्छ वातावरण नागरिकों का मूल अधिकार है, और नगर निगम की जिम्मेदारी है कि उसे पूरी गंभीरता से निभाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सफ़ाई व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग करने, कार्य में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय करने तथा आवश्यकता पड़ने पर दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही महापौर ने यह भी निर्देशित किया कि सफ़ाई कार्यों में सुधार के परिणाम धरातल पर शीघ्र दिखाई देने चाहिए, जिससे नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण प्राप्त हो सके।








