धान लदे ट्रक और बुलेरो में भिड़ंत, बुलेरो से मिली धान की बोरियां, चोरी की धान का संदेह, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक धान से लदे ट्रक और बोलेरो जीप के बीच टक्कर हो गई। हादसे का शिकार हुए बोलेरो वाहन में धान की बोरियां मौजूद होने से एक बार फिर धान चोरी की चर्चा जन्म लेने लगी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक भिड़ंत सामान्य थी, हादसे के कारण बोलेरो सामने से क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, हादसे के तुरंत बाद बोलेरो में सवार लोग गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब स्थानीय लोगों ने वाहन के पास जाकर देखा, तो बोलेरो के अंदर 3 से 4 बोरी सरकारी धान लोड पाई गई। संदिग्ध अवस्था में धान मिलने और सवारों के भागने से क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटना से आक्रोशित ट्रक चालक और स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में इस तरह का संदिग्ध परिवहन लंबे समय से चल रहा है। सड़क पर वाहनों की कतारें लगने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस की टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कराकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा बोलेरो में मिली धान की बोरियों को जब्त कर जांच की जा रही है। फरार बोलेरो सवारों की तलाश जारी है। मामला पूरी तरह संदिग्ध है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह सरकारी धान कहां से आई और कहां ले जाई जा रही थी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *