सरेआम तलवार मारकर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को निवार पुलिस ने किया गिरफ्तार, पुरानी रंजिश पर अंजाम दी थी घटना
कटनी। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में थाना माधवनगर अंतर्गत चौकी निवार पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक 11 जनवरी 2026 को ग्राम कुलुआ बड़खेरा निवासी 24 वर्षीय राजेन्द्र राजपाल पिता प्यारेलाल राजपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह मजदूरी का कार्य करता है। घटना के समय वह अपनी पत्नी रजनी के साथ घर के सामने बातचीत कर रहा था, तभी मोहल्ले के विपिन तिवारी एवं शीतल तिवारी ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करते हुए उसके साथ डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पर विपिन तिवारी लोहे की तलवार लेकर आया और उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दौरान उसे गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। ग्रामीणों के एकत्र होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
प्रकरण में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 118(1), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया, बाद में धारा 109 बढ़ाकर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान गत 14 जनवरी 2026 को दोनों आरोपियों विपिन तिवारी पिता शीतल प्रसाद तिवारी एवं शीतल प्रसाद तिवारी पिता स्व. राममनोहर तिवारी निवासी ग्राम कुलुआ बड़खेरा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया। हत्या के प्रयास में प्रयुक्त हथियार (तलवार) भी जप्त की गई। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी माधवनगर संजय दुबे, चौकी प्रभारी निवार सहा उप निरीक्षक अंजनी मिश्रा, सउनि रमाकांत दुबे, प्र.आर. देवेश कुमार, प्र.आर. मनीष अछेया, महिला आरक्षक आरती श्याम, आरक्षक अरविंद कुशवाहा एवं बकील यादव की सराहनीय भूमिका रही।








