वाहन मालिक की प्रताड़ना से तंग आकर चालक ने दी जान, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

​कटनी। कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत चपहनी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब चपहनी ग्राम निवासी आनंद गाडरी 24 वर्षीय का शव रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि पिकअप वाहन मालिक द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने के कारण युवक ने आत्मघाती कदम उठाया है।
​मृतक के पिता रामजी पाल ने बताया कि आनंद, बड़वारा स्थित राय वेयरहाउस के मालिक सुशील राय के यहाँ पिकअप चालक के रूप में कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, बीती 12 जनवरी को सांधी ग्राम जाते समय पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में वाहन को कुछ क्षति पहुँची थी।
​परिजनों का गंभीर आरोप है कि दुर्घटना के बाद से ही वाहन मालिक सुशील राय आनंद पर नुकसान की भरपाई करने का दबाव बना रहा था। पिता के अनुसार, आनंद के साथ मारपीट की गई और उसे झूठे केस में फंसाने की धमकियाँ दी गईं। इसी प्रताड़ना और डर के चलते आनंद ने गांव के पास ही रेलवे ट्रैक पर जाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
​पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बड़वारा नगर के मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपी वाहन मालिक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
​सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। बड़वारा थाना प्रभारी और अन्य अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
​इस पूरे मामले में बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल का कहना है कि ​परिजनों ने वाहन मालिक पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *