जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर हड़प लिए 85 हजार, मामला दर्ज, माधवनगर के पड़वारा आमिरगंज का मामला
कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पडरवारा अमीरगंज इलाके में जमीन सौदे को लेकर धोखाधड़ी का एक और मामला सामने आया है। जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर 85 हजार रुपये लेने के बाद इकरारनामा कर मुकर जाने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार अपराध क्रमांक 46/26 में आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। फरियादी आशुतोष श्रीवास, पिता सुशील श्रीवास, उम्र 29 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, बिलहरी, ने माधवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी रोहित शर्मा, पिता नरेश कुमार शर्मा, निवासी मानसरोवर कॉलोनी, ने जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए ₹85,000 की रकम ली थी। आरोप है कि आरोपी ने पहले इकरारनामा किया और जल्द रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में वह अपनी बात से मुकर गया और न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही ली गई रकम वापस की।
शिकायत की जांच के बाद माधवनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से जमीन खरीद फरोख्त के मामलों में सतर्क रहने और किसी भी प्रकार का भुगतान करने से पहले दस्तावेजों की पूरी जांच करने की अपील की है।








