सर में पत्थर से मारकर किया था महिला की हत्या का प्रयास, पुलिस से बचकर भागने की कर रहा था कोशिश, बिलहरी पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को किया गिरफ्तार
कटनी। एक महिला पर हत्या करने के इरादे से पत्थर से हमला करने वाले फरार बदमाश को बिलहरी पुलिस ने समय रहते गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बदमाश भागने की फिराक में था। इससे पहले कि वह कामयाब हो जाता, बिलहरी पुलिस ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर त्वरित कार्यवाही करते हुए बदमाश को दबोच लिया।
कार्यवाही के संबंध में जानकारी देते हुए बिलहरी चौकी प्रभारी सुयश पांडे ने बताया कि गत 09 जनवरी 2026 को घायल महिला को चौकी लेकर पहुंचे परिजनों ने बताया कि वे अपने घर के सामने बीडी के पत्ते बोरी में भर रहे थे। तभी गांव का कुंवर पटेल आया और गाली गलौज करने लगा। वह कह रहा था की तुम लोग अगर यहां दिखे तुम लोगों को जान से मार दूंगा। आरोपी ने अपने घर में ऊपर के कमरे से जाकर जान से मारने की नीयत से पत्थर फेक कर मारा जो की चांदनी पटेल के सिर पर लगा। जिससे उसे खून बहने लगा और वह बेहोश होकर गिर गई। घायल महिला को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को सूचना मिली कि कुंवर पटेल बडगांव मोड के पास खड़ा है, जो की भागने का प्रयास कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बडगांव मोड के पास घेरा बंदी कर हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उक्त संपूर्ण कार्यवाही में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सउनि दामोदर राव, प्र आर. व्यास गुप्ता, भारत विश्वकर्मा, आर. सौरभ जैन, लव उपाध्याय, दिल्केश्वर सिंह, संदीप भलावी, विकास, सैनिक धनेंद्र त्रिपाठी का सराहनीय योगदान रहा।








