कलेक्‍टर श्री तिवारी ने विकासखंड बहोरीबंद के गांवों में पहुंचकर स्‍कूलों, धान उपार्जन और उर्वरक वितरण केन्‍द्र का किया औचक निरीक्षण

कलेक्‍टर श्री तिवारी ने विकासखंड बहोरीबंद के गांवों में पहुंचकर स्‍कूलों, धान उपार्जन और उर्वरक वितरण केन्‍द्र का किया औचक निरीक्षण

कटनी। कलेक्‍टर आशीष तिवारी ने बुधवार को विकासखंड बहोरीबंद के गांवों में पहुंचकर स्‍कूलों, धान उपार्जन केन्‍द्रों और उर्वरक वितरण केन्‍द्र डबल लॉक बहोरीबंद का औचक निरीक्षण किया। उन्‍होंने एसडीएम एवं तहसील कार्यालय और आयुष्‍मान आरोग्‍य मंदिर कौडि़या का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम बहोरीबंद राकेश चौरसिया, तहसीलदार नेहा जैन, नायब तहसीलदार आकाशदीप नामदेव, सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्‍ला, जिला प्रबंधक नान देवेन्‍द्र तिवारी, एडीपीसी रमसा अभय जैन, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास सतीश पटेल सहित अन्‍य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कलेक्‍टर बनें शिक्षक*
कलेक्‍टर श्री तिवारी ने अपने भ्रमण के दौरान शैक्षणिक गुणवत्‍ता और छात्रों की पढ़ाई की प्रगति का जायजा लेने के लिये शासकीय प्राथमिक शाला आनंदपुर तिहारी और महावीर शासकीय उत्‍कृष्‍ट उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालय बहोरीबंद पहुंचे। उन्‍होंने यहां छात्रों से खूब मन लगाकर पढ़ाई करने की सीख दी। कलेक्‍टर ने छात्रों से पाठ्यक्रम पूरा हुआ कि नहीं की जानकारी ली। बहोरीबंद स्‍कूल के कक्षा 12वीं की क्‍लास में भी कलेक्टर पहुंचे और सक्‍सेस 3.0 के तहत तैयार किये गये अंग्रेजी विषयवस्‍तु के संबंध में छात्रों से प्रश्‍न पूछे। सभी छात्रों ने कलेक्टर को पाठ पढ़कर सुनाया। इसके बाद कलेक्‍टर इसी स्‍कूल की कक्षा 8 में पहुंचे और छात्रों से अंग्रेजी की पाठ्य पुस्‍तक का पाठन कराया। यहां मौजूद प्राचार्य महेन्‍द्र कुमार राय ने बताया कि इस स्‍कूल में करीब 1280 छात्र-छात्रायें हैं। कलेक्‍टर ने यहां अधूरे निर्माणाधीन भवन को पूर्ण कराने का प्रस्‍ताव भेजने के निर्देश बीआरसी को दिये। इस भवन के पूरा बन जाने पर स्‍कूल संचालन के लिये अतिरिक्‍त कमरों की उपलब्‍धता हो सकेगी। जिससे स्‍कूल संचालन में सुगमता होगी। कलेक्‍टर श्री तिवारी ने प्राथमिक शाला आनंदपुर में बच्‍चों से गणित, हिन्‍दी और सामान्‍य प्रश्‍न पूछा। जिसका छात्रों ने बड़ी कुशलता से सही जवाब दिया। इस पर कलेक्टर ने छात्रों को बिस्किट और टॉफियां प्रदान किया।
उपार्जन केन्‍द्र का निरीक्षण
कलेक्‍टर श्री तिवारी ने धान उपार्जन केन्‍द्र कौडि़या नर्मदांचल वेयरहाउस का निरीक्षण किया। जहां कलेक्‍टर को आवक रजिस्‍टर और खरीदी रजिस्‍टर में कई विसंगतिया मिली। उन्‍होंने पूरे परिसर का भ्रमण कर स्‍थल निरीक्षण कर खरीदी प्रभारी कमलेश पाण्‍डेय के प्रति नाराजगी व्‍यक्‍त करते हुये खरीदी केन्‍द्र की जांच रिपोर्ट प्रस्‍तुत करने सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्‍ला को निर्देशित किया। कलेक्‍टर नर्मदांचल गोदाम के भीतर पहुंचे और बरखी लगवाकर धान की गुणवत्‍ता का परीक्षण किया। कलेक्‍टर ने ओपन केप खरीदी केन्‍द्र बहोरीबंद का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्‍यक दिशा-निर्देश दिये।
खाद वितरण केन्‍द्र का निरीक्षण
कलेक्‍टर श्री तिवारी ने बहोरीबंद के मध्‍यप्रदेश राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित केन्‍द्र का औचक निरीक्षण किया। यहां टोकन के माध्‍यम से किसानों को उर्वरक वितरण किया जाना पाया गया। कलेक्‍टर ने यहां पर भंडारित उर्वरकों का भी अवलोकन किया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण
कलेक्‍टर श्री तिवारी ने कौडि़या के आयुष्‍मान आरोग्‍य मंदिर का औचक निरीक्षण किया और यहां पोर्टल में जानकारियों का व्‍यवस्थित तौर पर अपडेट नहीं पाये जाने पर सीएचओ अंजली दाहिया के कार्यों के प्रति नाराजगी जाहिर की। उन्‍होंने आयुष्मान कार्ड बनाने की कमजोर प्रगति, अनमोल पोर्टल में गर्भवती माताओं के पंजीयन, आरोग्‍यम पोर्टल और एनसीडी पोर्टल में इंट्री की प्रगति का औचक निरीक्षण किया जो अपडेटेड नहीं मिली।
एसडीएम और तहसील कार्यालय का निरीक्षण
कलेक्‍टर श्री तिवारी ने अनुभागीय अधिकारी राजस्‍व बहोरीबंद और तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्‍होंने फार्मर आईडी, सीमांकन, बंटवारा के प्रकरणों की समीक्षा की और लंबित राजस्‍व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिये। कलेक्‍टर ने एमपी भू-अभिलेख पोर्टल और आरसीएमएस पोर्टल को भी तहसील में खुलवाकर देखा और उसे अद्यतन करने के निर्देश दिये।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Recent Post