बैंकों एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का पुलिस ने किया निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल सूचना देने के दिए निर्देश

कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले भर में बैंकों एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य सुरक्षा मापदंडों की जांच कर उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाना था। जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों अंतर्गत स्थित बैंकों एवं एटीएम की सुरक्षा जांच की गई। इस दौरान बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा गार्डों की संख्या, उनकी 24×7 तैनाती एवं एटीएम की निगरानी व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान एटीएम पर तैनात सुरक्षा गार्डों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश करने पर तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दें। साथ ही चेहरे पर मास्क, कपड़ा या अन्य तरीके से पहचान छुपाकर एटीएम में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों को अंदर प्रवेश न देने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस टीमों द्वारा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशील स्थिति, बैंकों के अंदर-बाहर की सुरक्षा व्यवस्था एवं सुरक्षा गार्डों की तैनाती का जायजा लिया गया। जहां सुरक्षा व्यवस्था अपर्याप्त पाई गई, वहां बैंक प्रबंधन को उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। कुछ एटीएम में सुरक्षा गार्ड की अनुपस्थिति पाए जाने पर शीघ्र गार्ड तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान बैंक आने वाले उपभोक्ताओं को भी जागरूक किया गया तथा उन्हें सुरक्षित तरीके से धनराशि निकालने, ले जाने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई। कटनी पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की सतत निगरानी एवं निरीक्षण कार्यवाही जारी रहेगी, जिससे आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

RashtraRakshak
Author: RashtraRakshak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *