बाइक से कर रहे थे शराब की तस्करी, दो अलग अलग कार्रवाई में बड़े पैमाने पर अवैध शराब जब्त, ढीमरखेड़ा पुलिस की कार्रवाई
कटनी। पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा द्वारा अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन पर कार्रवाई करने के लिए जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया है। एसपी श्री विश्वकर्मा द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया व एसडीओपी स्लीमनाबाद आंकाक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी ढीमरखेडा निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में ढीमरखेड़ा पुलिस ने बाइक से शराब की तस्करी कर रहे आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है।
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने जानकारी देते हुए कहा की आज 19 सितंबर को दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई, जिसमें 141 पाव देसी प्लेन शराब एवं एवं 50 पाव देसी मसाला शराब जप्त की गई। प्रथम कार्रवाई में मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों के द्वारा अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा था जिन्हें पुलिस के द्वारा घेराबंदी करके पकड़ा गया। शराब की तस्करी करते हुए पकड़े गए राहुल यादव निवासी सरस्वाही थाना एनकेजे एवं राजासाब परमार निवासी रामपुर ढीमरखेड़ा मोटरसाइकिल से शराब लेकर जा रहे थे। आरोपियों से 150 पाव देसी शराब जप्त की गई। दूसरे प्रकरण में आरोपिया ज्ञानवती पति राजभान यादव निवासी महगवां थाना ढीमरखेड़ा के कब्जे से 41 पाव देसी शराब जप्त की गई। उपरोक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी निरी. अभिषेक चौबे, सउनि जयपाल सिंह, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास, आरक्षक अमित शुक्ला, आरक्षक कमोद कोल की विशेष भूमिका रही।








